मज़दूर एकता कमेटी के संवाददाता की रिपोर्ट

अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ की अगुवाई में 5 से 30 नवंबर के बीच, पूरे राजस्थान के 42 जिलों और 300 तहसीलों पर 11 सूत्री मांगों को लेकर संघर्ष की तैयारी के लिए संघर्ष चेतना यात्रा जयपुर से प्रारंभ हुई।
कर्मचारियों की मुख्य मांगें हैं:
- राजस्थान में पुरानी पेंशन योजना यथावत रखी जाये।
- राज्य सरकार, बोर्ड, निगम, स्वायत्तशाषी संस्थाओं, पंचायतीराज एवं सहकारी संस्थाओं में कार्यरत कर्मियों के लिये समान काम, समान वेतन की नीति लागू करके पूर्व के वेतनमानों में विभिन्न विसंगतियों का निराकरण करके, कर्मियों का न्यूनतम वेतन 20 हजार रुपये निर्धारित किया जाये।
- जनवरी 2020 से जून 2021 तक के महंगाई भत्ते के एरियर का नकद भुगतान किया जाये।
- ग्रामीण क्षेत्र के कर्मियों को मूल वेतन का 10 प्रतिशत ग्रामीण भत्ता स्वीकृत किया जाये।
- राज्य कर्मचारी, बोर्ड, निगम, पंचायतीराज एवं स्वायत्तशाषी संस्थाओं के कर्मियों को सेवाकाल के दौरान 5 पदोन्नति के अवसर दिये जायें।
- सभी संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित किया जाये।
- सभी रिक्त पदों को नियमित नियुक्तियों से भरा जाये।
- सहायक कर्मचारी को एम.टी.एस. घोषित करते हुए, न्यूनतम वेतन 26 हजार किया जाये।
- मंत्रालयिक कर्मचारियों को शासन सचिवालय, लोक सेवा आयोग एवं विधानसभा में कार्यरत मंत्रालयिक कर्मचारियों के अनुरूप वेतन, भत्ते, पदोन्नति एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जायें।
- बैंक/बीमा की स्थानान्तरण नीति के अनुरूप राज्य कर्मियों के लिए पारदर्शी एवं स्पष्ट स्थानान्तरण नीति लागू की जाये।
- निजीकरण/पी.पी.पी. मॉडल आधारित व्यवस्थाओं को समाप्त किया जाये।
- नई शिक्षा नीति 2020 को रद्द किया जाये।
- पुलिस सेवा के कर्मियों एवं आपातकालीन सेवा के कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश देना सुनिश्चित किया जाये एवं इनका कार्यशील समय निर्धारित किया जाये।
विदित रहे कि अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ की अगुवाई में, राज्यभर के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर बीते 2 साल से सरकार से वार्ता के लिए और समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार निवेदन कर रहे हैं। परंतु सरकार ने इन मांगों की ओर ध्यान नहीं दिया है। इससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति गुस्सा है। परिणामस्वरूप महासंघ ने निर्णय लिया है कि पूरे राजस्थान के अंदर संघर्ष चेतना यात्रा के माध्यम से कर्मचारियों को संघर्ष के लिए तैयार किया जायेगा।
संघर्ष चेतना यात्रा को दो दलों में गठित किया गया है। संघर्ष चेतना यात्रा को वरिष्ठ सेवानिवृत्त कर्मचारी नेता हनुमान प्रसाद शर्मा, ग्रामसेवक संघ के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीताराम शर्मा, महासंघ के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर जयपुर से रवाना किया।
संघर्ष चेतना यात्रा का पहला दल दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, आदि जिलों से गुजरेगा। जबकि दूसरा दल चूरू, नूह, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, सूरतगढ़ और बीकानेर की ओर जाएगा।
यात्रा के नोहर आने पर कर्मचारी नेता हनुमान प्रसाद शर्मा, अमर सिंह सारण, सुदर्शन आर्य, महासंघ के प्रदेश महामंत्री महावीर सिंह सिहाग, प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रहलाद जाट, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र फोगाट, महामंत्री शिक्षक संघ प्रगतिशील आनंद गुप्ता ने संबोधित किया।
आगे की रणनीति है कि 14 दिसंबर को जयपुर में तहसील और जिला स्तर के साथियों को बैठक के लिए आमंत्रित किया जाएगा। उस बैठक में आगे के आंदोलन की घोषणा की जायेगी।
अभियान के सहायक संगठनों में शामिल हैं: राजस्थान हाउसिंग बोर्ड कर्मचारी संघ; राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन; अखिल राज. राज्य कृषि पर्यवक्षेक संगठन; राजस्थान पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ; राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ; राजस्थान पंचायतीराज एवं माध्यमिक शिक्षण संघ; राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ; राजस्थान सहायक एवं अति.विकास अधि. संघ; राजस्थान पटवार संघ; राजस्थान कानूनगों संघ; राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत); राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील); राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील-चौधरी); राजस्थान वाहन चालक एवं तकनीकी कर्मचारी संघ; राजस्थान पर्यटन विकास निगम कर्मचारी यूनियन; प्रान्तीय नल मजदूर यूनियन; राजस्थान आयुर्वेद नर्सेज एसोसिएसन (प्रगतिशील); राजस्थान मिनीस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएसन; राजस्थान आयुर्वेद परिचालक संघ; राजस्थान वन अधीनस्थ कर्मचारी संघ; राजस्थान कृषि स्नातक संघ; राजस्थान सांख्यिकी अधीनस्थ कर्मचारी संघ; राजस्थान वन श्रमिक संघ; राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ (चौधरी); राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ (चाहर); राजस्थान पैराटीचर संघ; राजस्थान पशुपालन सहायक तकनीकी कर्मचारी संघ; राजस्थान भू-निरीक्षक संघ; राजस्थान भूमापक संघ; राजस्थान अधीनस्थ कम्प्यूटर कर्मचारी संघ; राजस्थान ए.एन.एम एवं एल.एच.वी. संघ; राजस्थान डेयरी कर्मचारी संघ; राजस्थान गंगानगर शुगर मिल संघ; राजस्थान स्टेनोग्राफर एसोसिएशन।
