कामगार एकता कमिटी (KEC) संवाददाता की रिपोर्ट

23 मई 2026 को इटली के रोम शहर की सड़कों पर लगभग 15,000 लोग बढ़ती कीमतों, युद्ध और हथियारों की खरीद पर होने वाले खर्च के विरोध में उतर आए।
प्रदर्शनकारी श्रमिक सम्मानजनक जीवन के लिए वेतन वृद्धि की मांग कर रहे थे। हालिया राष्ट्रीय आंकड़ों से पता चलता है कि इटली में 1 करोड़ 10 लाख लोग गरीबी के कगार पर हैं, जबकि 57 लाख लोग पहले से ही घोर गरीबी में जी रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, लगभग आधी आबादी पिछले साल कुछ भी बचत नहीं कर पाई।
इटली के एक प्रमुख ट्रेड यूनियन, यूनिओन सिंडाकेल डी बेस (USB) ने कहा, “जीवन यापन की लागत बढ़ रही है, बिजली-पानी के बिल बढ़ रहे हैं और आवश्यक वस्तुएं महंगी होती जा रही हैं। वेतन तो वही है जबकि बाकी सब कुछ महंगा होता जा रहा है। वेतन और युद्ध एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हथियारों की होड़ को बढ़ावा देने वाली नीतियां ही श्रमिकों का शोषण करती हैं और उनकी आय कम करती हैं।”
इटली के श्रमिकों और नागरिकों ने 18 मई को 24 घंटे की आम हड़ताल का आयोजन किया था, जिससे परिवहन, स्कूल और सार्वजनिक सेवाएं ठप्प हो गईं थी। हड़ताल की मुख्य मांगों में कानूनी रूप से अनिवार्य न्यूनतम वेतन शामिल था, और श्रमिक सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा, पेंशन, शिक्षा और आवास के बजट में कटौती का भी विरोध कर रहे थे, जबकि अरबों डॉलर हथियारों की खरीद के लिए आवंटित किए जा रहे थे।
दोनों आंदोलनों में, इटली के श्रमिक वर्ग ने ईरान के खिलाफ अमेरिका और इज़राइल की आक्रामकता का कड़ा विरोध किया और फ़िलिस्तीन की मुक्ति की मांग की। उन्होंने इतालवी सरकार से इज़राइल से संबंध तोड़ने और क्यूबा को ठोस समर्थन देने का आह्वान किया।
हाल के दिनों में यूरोप में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों और आम हड़तालों की संख्या में वृद्धि देखी गई है। ये कार्रवाइयां मजदूर वर्ग के व्यापक आक्रोश को दर्शाती हैं। मेहनतकश लोग नहीं चाहते कि सार्वजनिक धन का निवेश पुनर्शस्त्रीकरण और युद्ध में किया जाए। युद्ध केवल बड़े पूंजीपतियों को अपना मुनाफा बढ़ाने में मदद करता है! यूरोप में मजदूर और छात्र लगातार सड़कों पर उतरकर युद्ध और उससे जुड़े मितव्ययिता उपायों को समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। वे सैन्यीकरण और निजीकरण का विरोध कर रहे हैं और इसके बजाय स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और अन्य बुनियादी जरूरतों में सार्वजनिक निवेश की मांग कर रहे हैं।
USB ने कहा कि इटली में हुए प्रदर्शनों ने “विभिन्न विवादों, क्षेत्रों और वर्गों को एक ही मांग के तहत एकजुट किया: देश की संपत्ति उत्पन्न करने वालों को एक बार फिर अपनी बात रखने का अधिकार मिलना चाहिए।”
