मज़दूर एकता कमेटी के संवाददाता की रिपोर्ट

चंडीगढ़ के औद्यौगिक एरिया फेज-1 में स्थित डेल्ट्रॉन कंपनी के मज़दूर 3 जून से हड़ताल कर रहे हैं। उनकी मांगे हैं -1. वेतन को बढ़ाकर प्रतिमाह 25,000 रुपये किया जाये, 2. ओवरटाइम का दोगुना भुगतान किया जाये, 3. हर सप्ताह एक छुट्टी और महीने में दो सवैतनिक छुट्टियां दी जायें, 4. फैक्ट्री के कैंटीन में अच्छा और पौष्टिक भोजन दिया जाये।
सैंकड़ों मज़दूर भीषण गर्मी में हड़ताल पर हैं। हड़ताल में भारी संख्या में महिला मजदूर भी शामिल हैं।
5 साल से 25 साल तक के पुराने मज़दूर इस फैक्ट्री में काम कर रहे हैं। उनको 14,000 से 15,000 रुपये ही वेतन दिया जा रहा है। मज़दूरों ने कहा कि महंगाई इतनी ज्यादा है कि इतने कम वेतन में गुजारा करना बहुत ही मुश्किल है। कंपनी में पीने के पानी और बाथरूम की समस्या है, कैंटीन में घटिया किस्म का खाना दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मैनेजमेंट के लोग उनको गंदी-गंदी गालियां दे रहे हैं और हड़ताली मज़दूरों को चप्पल दिखाकर उनकी बेइज़्ज़ती कर रहे हैं। हड़ताल करने के बाद मैनेजमेंट ने कहा कि सिर्फ 1,000 रुपये ही बढ़ाया जायेगा।
पुलिस हड़ताल को दबाने की कोशिश कर रही है। लेकिन मज़दूरों ने ऐलान किया है कि जब तक वेतन 25,000 रुपये, ओवर टाइम का डबल भुगतान, सप्ताह में एक छुट्टी और दो सवैतनिक छुट्टियां व कैंटीन में पौष्टिक खाना, इन मांगों कों नहीं माना जायेगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
