कामगार एकता कमिटी संवाददाता की रिपोर्ट

सरकार ने सार्वजनिक-निजी साझेदारी (PPP) मॉडल का इस्तेमाल करके 11 और हवाई अड्डे के निजीकरण की योजना का ऐलान किया है। जिन हवाई अड्डों का निजीकरण किया जाएगा, उन्हें पांच खंडों में बांटा गया है: अमृतसर-कांगड़ा (गग्गल), वाराणसी-गया-कुशीनगर, भुवनेश्वर-हुबली, रायपुर-औरंगाबाद और तिरुचिरापल्ली-तिरुपति।

एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (AAI) ने अमृतसर, वाराणसी और भुवनेश्वर जैसे हवाई अड्डों को बनाने और अद्यतन करने में जनता के करों का हज़ारों करोड़ रुपया खर्च किया है। उदाहरण के लिए, AAI ने वाराणसी हवाई अड्डे के आधुनिकीकरण के लिए 2870 करोड़ रुपये का बजट रखा था। जब ये हवाई अड्डे आधुनिक हो जाते हैं और उनसे कमाई होने लगती है, तो उन्हें 50 साल की लंबी लीज़ पर निजी कंपनियों को सौंप दिया जा रहा है।

सरकार ने इससे पहले 2018-19 में PPP मॉडल के तहत AAI के छह हवाई अड्डों का निजीकरण किया था।
इससे पहले ही देश के प्रमुख और व्यस्त हवाई अड्डों – दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोच्चि – का निजीकरण किया जा चुका था।
हवाई अड्डों के निजीकरण के नए दौर के लिए, सरकार ने प्रस्ताव दिया है कि हवाई अड्डे सौंपे जाने के बाद, मौजूदा ‘एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया’ (AAI) कर्मचारियों के साथ एक साल तक जॉइंट-मैनेजमेंट (संयुक्त प्रबंधन) का समय रखा जाएगा।
निजी कंपनियों के लिए इस निजीकरण को आकर्षक बनाने के लिए एक शर्त रखी गई है कि उन्हें AAI के 60% कर्मचारियों को तीन साल तक काम पर बनाए रखना होगा। इसका मतलब है कि निजीकरण के तुरंत बाद 40% कर्मचारियों की नौकरी चली जाएगी और बाकी कर्मचारियों के पास अगले तीन साल के बाद नौकरी की कोई सुरक्षा नहीं होगी।
