रेल कर्मचारी द्वारा संपादक को पत्र
भारतीय रेलवे में बड़ी संख्या में रिक्त पदों के कारण रेल कर्मचारियों को किस तरह के दबाव और बोझ का सामना करना पड़ता है, इसका वर्णन एक रेल कर्मचारी ने किया है। उनके द्वारा झेले जा रहे उस छिपे हुए मानसिक तनाव को उजागर किया गया है जिसे हम कभी देख नहीं पाते।

“रेल्वे के परिचालन विभाग के हम मज़दूर कर्मचारियों को आधुनिक युग के अत्याधुनिक रोबोट कहना महज अतिशयोक्ति नहीं होगी। यकीन नहीं होता, चलिए आप को कुछ वस्तुगत हालातों से आप को अवगत कराता हूँ।
हिंदोस्तान एक त्योहारों का देश है और इनमे विभिन्न प्रकार के त्योहार मनाए जाते है। हर एक मनुष्य/इंसान की इच्छा होती है की वो अपने परिजनों के साथ त्योहार मनाए, लेकिन रेल्वे मे स्टाफ की कमी के कारण उन्हे जवाब मिलता है, “रेल्वे बंद कर देते है!”, “स्टाफ नहीं है!” इत्यादि। दीपावली और छठ पर्व पर समस्या और भी गंभीर है। ऐसे त्योहारों पर तो ना मिलती है छुट्टी और ना ही रेल्वे टिकट!। हम मज़दूर कर्मचारी भाई एवं बहन दिन-रात एक करके रेल्वे के परिचालन को संभालते है परंतु दीपावली एवं छठ पर्व जैसे त्योहारों पर हमे घर जाने के लिए कन्फर्म टिकट भी नहीं मिलता। और अगर ट्रेन नहीं मिलने के वजह से ड्यूटी पुनः जॉइन करने मे देरी हुई तो, हमारा स्वागत चार्जशीट की धमकी या चार्जशीट से ही होती है।
त्योहार तो एक है, दूसरा हम रेल्वे मज़दूरों को साप्ताहिक छुट्टी, विशिष्ट अवसरों जैसे जन्म दिन, शादी की वर्षगांठ, श्राद्ध की वर्षगांठ मे छुट्टी मिलना किसी जंग से कम नहीं होता है।
अब आप ही बताईए हम किसी अत्याधुनिक रोबो नहीं हुए क्या? हम से बिना किसी गलती के, रुके बिना, थके बिना, यथार्थता के काम की उम्मीद कोई अलग परिदृश्य प्रस्तुत करती है क्या? क्या हमे त्योहार, अवकाश, साप्ताहिक आराम, विशिष्ट अवसरों पर अवकाश का अधिकार नहीं है?
उम्मीद है रेल्वे प्रशासन हमे इंसानों की तरह समझे, आज की जरूरत के अनुसार मज़दूर कर्मचारियों की भर्ती करे जिससे की मज़दूर कर्मचारियों के साथ-साथ यात्रियों के भी आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।”
एक व्यथित रेल मज़दूर कर्मचारी
