कामगार एकता कमिटी के संवाददाता की रिपोर्ट
देशभर के लोको पायलट बेहतर कार्य परिस्थितियों, 8-9 घंटे की सीमित ड्यूटी, पर्याप्त साप्ताहिक विश्राम और नियमित छुट्टियों की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। झाँसी में रेलवे प्रशासन ने केवल दो दिनों में 48 लोको पायलटों को वरिष्ठ अधिकारियों का फोन न उठाने के आरोप में चार्जशीट जारी कर दी। लोको पायलटों के अनुसार, कर्मचारियों की भारी कमी, ड्यूटी के कुप्रबंधन, अपर्याप्त विश्राम और छुट्टियाँ न मिलने के कारण वे गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा इन समस्याओं को दूर करने के बजाय कर्मचारियों को दंडित करना उनके संघर्ष को दबाने का प्रयास है।

पूरे देशभर में, भारतीय रेलवे के लोको-पायलट, रेलवे के HOER के नियमों के अनुसार, ड्यूटी के घंटे 8-9 घंटे सिमित करने, हर हफ्ते HO में रेस्ट सहित 48 घंटे अवकाश, रात की ड्यूटी लगातार २ रात तक सिमित करने, आदि जैसी जायज माँगों के लिए लगातार संघर्ष कर रहे है। इस वेबसाईट पर उस संघर्ष के बारे में हम हमेशा लिखते आए है।
इस संघर्ष को कमजोर करने के लिए रेलवे प्रशासन लोक पायलटों को डराने की कोशिश करता है और इसीलिए उन्हें लगातार दबाव में रखने हेतु , किसी न किसी बहाने चार्ज शीट देता है। हाल ही में यह झाँसी में हुआ जब केवल दो दिनों में 48 लोको पायलटों को चार्ज शीट दी गई। कमगार एकता कमिटी के संवाददाता ने असलियत जानने के लिए झाँसी के लोको पायलट से संपर्क किया। उस वार्तालाप से यही सच्चाई सामने आई की दी गई चार्ज शीट रेलवे प्रशासन की सोची समझी नीतियों का हिस्सा है ।
सभी 48 लोको पायलटों को केवल एक ही कारण देकर चार्ज शीट दी गई की उन्होंने उनके वरिष्ठ का फोन नहीं उठाया और उस वजह से वे ड्यूटीसे गैरहाजिर थेI वार्तालाप में निम्नलिखित सच्चाई सामने आई –
- भारी मात्रा में लोको पायलटों के रिक्त पद है।
- जो लोको-पायलट नियुक्त है, उनकी ड्यूटी का सुनियोजित आबंटन ना होने के कारण, उन्हें HO रेस्ट ठीक तरह कभी नहीं मिलता है। वर्तमान में ट्रैफिक विभाग के कुप्रबंधन के कारण लोको रनिंग स्टाफ को मुख्यालय में 16 घंटे के पहले कॉल बुक दिया जा रहा है। जबकि दूसरी ओर रनिंग रूम (आउटस्टेशन) में उन्हें 8 घंटे की जगह 18 से 20 घंटे तक कोई कॉल बुक नहीं दिया जाता है।
- मुख्यालय विश्राम में कमी के कारण लोको रनिंग स्टाफ को परिवार के साथ भी समय नहीं मिल पाता है।
- रनिंग स्टाफ को 72 घंटे तक बिना किसी फोरकास्ट प्लानिंग के बाहर (आउटस्टेशन) रखा जा रहा है, फिर भले ही उससे कोई गाड़ी नहीं चलवाई जाए।
- खुद के निजी काम के लिए अगर वे छुट्टी माँगते है, तो उन्हें छुट्टी नहीं दी जाती है।
- एक तरफ मुख्यालय में 30% संरक्षित कार्यबल के मानक के अनुसार प्रावधान नहीं रखा जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ लॉबी में 90 कर्मचारियों को, कुप्रबंधन के कारण, आउटस्टेशन में अटका दिया जाता है।
- उन्हें हर हफ्ते एक सुनिश्चित दिन पर कभी भी हफ्ते की छुट्टी (वीकली ऑफ) नहीं मिलता है।
इन्हीं वजहों से पीड़ित लोको-पायलट अगर ड्यूटी पर नहीं जा पाए, तो उन्हें चार्ज शीट दी जाती है!
रेलवे प्रशासन के इस तरह के बर्ताव के लिए जितनी भर्त्सना करे उतनी कम है । देश की जीवन रेखा याने भारतीय रेलवे को सुचारू और सुरक्षित तरह चलाने के लिए, जो लोको पायलट निर्णायक एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है, उनसे इस तरह का बर्ताव, देश के किसी भी मेहेनतकश को बर्दाश्त नहीं हो सकता।
