वेतन वृद्धि के लिए दबाव बनाने के लिए जर्मन परिवहन कर्मचारियों की सबसे बड़ी हड़ताल हुई

कामगार एकता कमिटी (केईसी) संवाददाता की रिपोर्ट

27 मार्च को, हवाई अड्डों, बंदरगाहों, रेलवे, बसों और सबवे के 4 लाख से अधिक जर्मन कर्मचारी 24 घंटे की हड़ताल के लिए आधी रात को बाहर चले गए।

हड़ताल का आह्वान देश की दो सबसे बड़ी परिवहन यूनियनों, वर्डी (Verdi) और ईवीजी (EVG)द्वारा दिया गया था, ताकि श्रमिकों के जीवन-यापन के संकट का सामना करने के लिए उच्च मजदूरी की उनकी मांग के लिए दबाव डाला जा सके।

वर्डी सार्वजनिक क्षेत्र में लगभग 25 लाख कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है, जिसमें सार्वजनिक परिवहन और हवाई अड्डे शामिल हैं, जबकि ईवीजी डॉयचे बान (जर्मन रेल) और बस कंपनियों के लगभग 230,000 कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है।

जर्मनी में सार्वजनिक सेवा क्षेत्र के अन्य कर्मचारियों द्वारा कई बार छोटे-छोटे वाकआउट किए गए हैं, लेकिन सोमवार, 27 मार्च की हड़ताल दशकों में सबसे बड़ी हड़ताल थी।

नियोक्ताओं ने 27 महीनों की अवधि में केवल 5% वृद्धि और 2,500 यूरो ($2,700) के एकमुश्त भुगतान की पेशकश की है, जिसे फरवरी 2023 में 9% से अधिक की मुद्रास्फीति को देखते हुए यूनियनों ने अस्वीकार्य दिया।

वर्डी 10.5% वेतन वृद्धि की मांग कर रहा है, जिससे वेतन में कम से कम 500 यूरो प्रति माह की वृद्धि होगी, जबकि ईवीजी 12% वृद्धि या कम से कम 650 यूरो प्रति माह की मांग कर रहा है।

वर्डी नेता ने वेतन वृद्धि को “हजारों कर्मचारियों के लिए जीवित रहने का मामला” बताया। उन्होंने आगे कहा, “श्रमिकों को न केवल कम भुगतान किया जाता है, उन पर बहुत ज्यादा काम का बोझ है”।

उन्होंने कहा, ” कर्मचारी आश्वासन के शब्दों से ऊब चुके हैं जबकि काम की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है और कई पद खाली हैं”।

पिछले साल से उच्च मुद्रास्फीति ने जर्मन श्रमिकों को बड़ी चोट मारी है। सिविल सेवा महासंघ के नेता ने कहा, “हमने वास्तविक मजदूरी में गिरावट दर्ज देखी है और इसे संतुलित करने की आवश्यकता है।” उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में उनकी यूनियन के कुछ सदस्यों को घर का किराया वहन करने के लिए राज्य से राहत के लिए आवेदन करना पड़ रहा है।

जर्मनी में अन्य क्षेत्रों के श्रमिकों द्वारा संयुक्त कार्रवाई हाल ही में बड़ी वेतन वृद्धि हासिल करने में सफल रही है। डाक कर्मियों ने मार्च की शुरुआत में 11.5% की औसत मासिक वृद्धि हासिल की थी, और नवंबर 2022 में, जर्मनी की सबसे बड़ी यूनियन, IG Metall ने लगभग 40 लाख कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल 8.5% की वृद्धि हासिल की थी।

 

Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments