हरियाणा कौशल रोज़गार निगम के स्वास्थ्य मज़दूरों का संघर्ष

मज़दूर एकता कमेटी के संवाददाता की रिपोर्ट

हरियाणा कौशल रोज़गार निगम हरियाणा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, विश्वविद्यालयों व अस्पतालों में ठेके पर मज़दूरों को नियुक्त करने की अधिकृत एजेंसी है। इसके तहत नियुक्त किये गए स्वस्थ्य मज़दूरों ने 2 जुलाई को भिवानी में पिछले चार महीने से वेतन न मिलने के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया। भिवानी जिले के नागरिक अस्पताल के अलावा, विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों में काम करने वाले 234 मज़दूरों ने प्रदर्शन करके मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा और बक़ाया वेतन जल्द दिए जाने की मांग की।

मज़दूरों ने आरोप लगाया कि वेतन समय से नहीं मिलने के कारण उनके बच्चों की फीस, राशन, दवाइयां और बिजली बिल का भुगतान नहीं हो पा रहा है। अब तो दुकानदार राशन देने से भी मना कर रहे हैं।

यूनियन के जिला प्रधान ने बताया कि ज्ञापन सौंपने के दौरान सीएमओ ने दोबारा से मज़दूरों की फैमिली आईडी अपडेट करने को कहा है। जबकि मज़दूरों ने पहले ही फैमिली आईडी अपडेट कराकर संबंधित विभाग को जमा करा दिया है। लेकिन हर बार तकनीकी कारणों का हवाला देकर वेतन को महीनों-महीनों रोक दिया जाता है।

यह प्रदर्शन हरियाणा स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन के बैनर तले आयोजित किया गया था । मज़दूरों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गयी तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिये मजबूर होंगे। स्वास्थ्य सेवा प्राप्त करने में लोगों को होने वाली दिक्कतों के लिए सरकार पूरी तरह ज़िम्मेदार होगी।

Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted