कामगार एकता कमिटी संवाददाता की रिपोर्ट

21 सितंबर को, जर्मनी में नौकरी में कटौती और संयंत्र बंद करने के प्रस्तावों के खिलाफ़ 280 से ज़्यादा जगहों पर लगभग 1,80,000 ऑटो मज़दूरों ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। कई और ऑटो मज़दूरों ने कारखानों के अंदर विरोध किया।
जर्मनी की सबसे बड़ी ऑटो निर्माता कंपनी, फॉक्सवैगन, दशक के अंत तक 1,00,000 नौकरियां कम करने की योजना बना रही है। यह वैश्विक ऑटोमोटिव इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी नौकरी कटौती होगी। मर्सिडीज़-बेंज़ और बीएमडब्ल्यू जैसी दूसरी जर्मन ऑटो निर्माता कंपनियाँ भी नौकरी में कटौती की योजना बना रही हैं।
जर्मनी के कार उद्योग ने 2019 से अब तक पहले ही 1,00,000 कर्मचारियों की संख्या कम कर दी है। ऑटोमोटिव पुर्जे आपूर्तिकर्ताओं ने भी 2019 और 2025 के बीच लगभग 74,000 नौकरियों में कटौती की है, जो उनके कार्यबल का लगभग एक चौथाई है।
आईजीएम, यूनियन और फॉक्सवैगन के बीच हुए सबसे हालिया सामूहिक समझौते के अनुसार, फॉक्सवैगन ने 2030 तक फॉक्सवैगन के जर्मन संयंत्रों में 35,000 से अधिक नौकरियों को तथाकथित “सामाजिक रूप से स्वीकार्य तरीके से समाप्त करने” को स्वीकार किया। “सामाजिक रूप से स्वीकार्य तरीके से समाप्त करने” का अर्थ है कि जो कर्मचारी सेवानिवृत्ति लेकर, नई नौकरी ढूंढकर आदि के माध्यम से नौकरी छोड़ते हैं, उनकी जगह किसी और को नियुक्त नहीं किया जाता।
श्रमिकों के लिए यह काफी हद तक अप्रासंगिक है कि नौकरियाँ इस्तीफ़ों, सेवानिवृत्ति, रिक्त पदों को न भरे जाने, प्रशिक्षुता से पूर्णकालिक पदों पर जाने की प्रक्रिया रद्द किए जाने आदि के माध्यम से समाप्त होती हैं या नहीं। वास्तव में, प्रबंधन द्वारा समाप्त की जाने वाली प्रत्येक नौकरी शेष कार्यबल पर दबाव बढ़ाती है।
यह आय, स्वास्थ्य, प्रशिक्षण के अवसरों और पारिवारिक सहयोग का नुकसान है और संयंत्र के आसपास के पूरे समुदाय के भविष्य का भी नुकसान है। यह पूँजीवाद है – श्रमिकों से बलिदान देने को कहा जाता है ताकि पूँजीपति मुनाफ़े को बरकरार रखा जा सके या बढ़ाया जा सके!
जर्मन ऑटो कर्मचारी मांग कर रहे हैं:
- अब और नौकरियों में कटौती, कारखानों को बंद करने या दूर-दराज़ के स्थानों पर काम आउटसोर्स करने की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए.
- पूरे वेतन के साथ काम के घंटों में कमी होनी चाहिए और कर्मचारियों की संख्या में कोई कटौती नहीं होनी चाहिए।
- अस्थायी अनुबंधों पर कार्यरत सभी कर्मचारियों को “एक संचालन – एक कार्यबल” के सिद्धांत के तहत पूर्णकालिक पदों पर स्थानांतरित किया जाना है।
- “मांग के अनुसार” कार्यबल की मौजूदा व्यवस्था, प्रबंधन की तथाकथित “ड्यूटी शिफ्टों” और श्रमिकों की निरंतर उपलब्धता की आवश्यकता को समाप्त किया जाना चाहिए.
- सप्ताहांत कामगारों और उनके परिवारों का होता है।
- सैन्य क्षेत्र के लिए उत्पादन के बजाय सम्मानजनक, मानवीय और टिकाऊ आवागमन की दिशा में एक सुनियोजित बदलाव होना चाहिए – हथियारों का उत्पादन नागरिक उद्योग में नौकरियों के विनाश का कोई विकल्प नहीं है।
- सार्वजनिक ठेके केवल उन्हीं कंपनियों को दिए जाने चाहिए जो रोज़गार की सुरक्षा प्रदान करती हैं, जर्मनी की स्थापित सामूहिक समझौतों की व्यवस्था का हिस्सा हैं, और उत्पादन सुविधाओं के स्थान के रूप में जर्मनी के प्रति प्रतिबद्ध हैं।
