लोग महाराष्ट्र के ठाणे में अमेज़न के विशाल डेटा सेंटर योजना का विरोध कर रहे हैं। “हम आपको हमारे पीने के पानी की कीमत पर हमारा डेटा खाने नहीं देंगे!”

कामगार एकता मिटी के संवाददाता की रिपोर्ट

“हमें नहीं चाहिए, हमें नहीं चाहिए! हमें डेटा सेंटर नहीं चाहिए!” यह नारा दूर-दूर तक सुनाई दे रहा था, जब लगभग एक हज़ार लोग मुंबई से सटे ठाणे शहर में अमेज़न के प्रस्तावित डेटा सेंटर के बाहर एकत्र हुए। अक्टूबर 2022 में, अमेज़न डेटा सर्विसेज़ इंडिया ने ठाणे के बालकुम क्षेत्र में 1,870 करोड़ रुपये में 54.73 एकड़ भूमि खरीदी। अमेज़न यहाँ 422 मेगावाट (MW) क्षमता का डेटा सेंटर बनाने की योजना बना रहा है। यह भूखंड घनी आबादी वाले क्षेत्र के ठीक बीचोंबीच स्थित है। अधिक से अधिक लोगों को यह एहसास हो रहा है कि यदि यह डेटा सेंटर बन गया और चालू हो गया, तो ठाणे रहने योग्य नहीं रहेगा।


डेटा सेंटर क्या होता है??

डेटा सेंटर एक भौतिक कक्ष, इमारत या सुविधा होती है, जहाँ आईटी अवसंरचना स्थापित की जाती है ताकि आईटी अनुप्रयोगों और सेवाओं का निर्माण, संचालन और वितरण किया जा सके। यह उन अनुप्रयोगों और सेवाओं से संबंधित डेटा का भंडारण और प्रबंधन भी करता है। इसमें सर्वर, डेटा स्टोरेज और नेटवर्किंग हार्डवेयर होते हैं, जो डिजिटल डेटा और अनुप्रयोगों को संग्रहित, संसाधित और उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक हैं। डेटा सेंटर आधुनिक डिजिटल अर्थव्यवस्था की अदृश्य रीढ़ हैं, जो क्लाउड कंप्यूटिंग, मोबाइल ऐप्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और एंटरप्राइज़ वेबसाइटों जैसी हर चीज़ को संचालित करते हैं।

लैपटॉप या मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन की जाने वाली हर गतिविधि किसी न किसी डेटा सेंटर से होकर गुजरती है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के कारण ‘हाइपरस्केल’ डेटा सेंटरों की आवश्यकता बढ़ी है, जो सैकड़ों और यहाँ तक कि हज़ारों मेगावाट बिजली की खपत करते हैं। वर्तमान में भारत का सबसे बड़ा डेटा सेंटर केवल 60 मेगावाट क्षमता का है, जबकि भारत में 1000 मेगावाट या उससे अधिक क्षमता वाले अनेक डेटा सेंटर स्थापित करने की योजनाएँ अब घोषित की जा चुकी हैं।

एक सामान्य घर में प्रायः 3 से 5 किलोवाट (KW) का बिजली कनेक्शन होता है।

1 मेगावाट (MW) = 1000 किलोवाट (KW)


यह विरोध प्रदर्शन “वेक अप ठाणेकर” (ठाणेकर: ठाणे के निवासी के लिए मराठी शब्द) के बैनर तले कार्यकर्ताओं के एक समूह द्वारा आयोजित किया गया था और इसमें समाज के लगभग सभी वर्गों के लोगों ने भाग लिया। आधुनिक ऊँची इमारतों में रहने वाले इंजीनियर, डॉक्टर, प्रोफेसर, आईटी कर्मचारी और अन्य पेशेवर बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे, साथ ही पास की झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोग भी शामिल हुए। मुंबई से छात्र और पर्यावरण कार्यकर्ता भी इसमें शामिल होने आए। बड़ी संख्या में महिलाएँ और बच्चे भी मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों की आयु 5 वर्ष से लेकर 80 वर्ष तक थी! उल्लेखनीय बात यह थी कि अनेक जनसंगठनों के कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों—सत्तारूढ़ और विपक्ष दोनों—के लोग, जो सामान्यतः सार्वजनिक रूप से साथ नहीं आते, इस आंदोलन में एक साथ दिखाई दिए।

विभिन्न वक्ताओं ने घोषणा की कि राजनीतिक संबद्धता या विचारधारा चाहे जो भी हो, वे इस एक माँग पर एकजुट हैं: हमें डेटा सेंटर नहीं चाहिए।

इस अभियान के तहत विभिन्न संगठनों द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। वेक अप ठाणेकर के कार्यकर्ताओं ने एक अत्यंत सक्रिय व्हाट्सऐप समूह बनाया, जिसमें सैकड़ों लोग जुड़ चुके हैं। कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्तरों पर जनप्रतिनिधियों से भी संपर्क किया। 11 जुलाई को वेक अप ठाणेकर ने ऊँची इमारतों के एक परिसर में रहने वाले बच्चों के लिए चित्रकला गतिविधि आयोजित की। यह स्पष्ट था कि इस अभियान ने उस परिसर के निवासियों के मन को गहराई से छुआ है। 18 जुलाई को वे बड़ी संख्या में जुलूस निकालते हुए आए और डेटा सेंटर के विरोध में बच्चों द्वारा बनाई गई सुंदर और प्रभावशाली चित्रकृतियाँ प्रदर्शित कीं। प्रदर्शन आयोजित करने वाले लोगों के भाषणों के बाद आम नागरिकों को भी अपनी बात रखने का अवसर दिया गया।

जैसा कि विभिन्न वक्ताओं ने बताया, दुनिया भर में, विशेषकर अमरिका और यूरोप के अनेक देशों में, डेटा सेंटरों के खिलाफ़ आक्रोश हैइसके कारण हैं:

  • डेटा सेंटरों को करोड़ों लीटर पानी की आवश्यकता होती है, जिसे वे आसपास के समुदायों की कीमत पर बड़ी मात्रा में इस्तेमाल करते हैं। इससे जल स्रोत भी प्रदूषित होते हैं।
  • इन्हें भारी मात्रा में बिजली की आवश्यकता होती है। चूँकि इन देशों में बिजली का बड़े पैमाने पर निजीकरण हो चुका है, इसलिए इसका परिणाम आम नागरिकों के बिजली बिलों में वृद्धि के रूप में सामने आता है।
  • आसपास का तापमान कुछ डिग्री तक बढ़ जाता है।
  • पास में रहने वाले लोगों को चौबीसों घंटे शोर का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी नींद और मानसिक शांति प्रभावित होती है।
  • श्रव्य सीमा से कम आवृत्तियों वाले शोर के दीर्घकालिक प्रभावों को लेकर भी चिंता है।
  • डेटा सेंटर स्थापित करने वाली इजारेदार कंपनियों के हाथों में शक्ति के केंद्रीकरण को लेकर भी चिंता है। उनका कहना है किडेटा नया तेल है”—जो डेटा पर नियंत्रण करेगा, वही दुनिया पर नियंत्रण करेगा!

अमेरिका में 40 राज्यों में डेटा सेंटरों के खिलाफ़ 188 जनसंगठन सक्रिय हैं। स्थिति यह है कि 14 राज्य डेटा सेंटर निर्माण पर अस्थायी रोक (मोराटोरियम) लगाने पर विचार कर रहे हैं और न्यूयॉर्क राज्य पहले ही ऐसा मोराटोरियम लागू कर चुका है।

अनेक वक्ताओं ने कहा कि वे उन्नत तकनीक, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता भी शामिल है, का समर्थन करते हैं, लेकिन यह अरबपतियों और उनकी कंपनियों के लाभ के लिए आम लोगों की कीमत पर नहीं होनी चाहिए।

वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकारों की आलोचना करते हुए अनेक प्रश्न उठाए:

  • केंद्र सरकार अगले 20 सालों के लिए कर अवकाश देकर डेटा सेंटर्स को हज़ारों करोड़ रुपये की सहायिकी क्यों दे रही है?
  • महाराष्ट्र सरकार ने ऐसी नीति क्यों बनाई है जिसमें विभिन्न प्रोत्साहन और रियायती बिजली दी जा रही है?
  • सरकार ने ऐसी नीति क्यों बनाई है कि पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए डेटा सेंटरों को आवासीय इमारतों के समान माना जाएगा?
  • महाराष्ट्र सरकार ने घोषणा की है कि डेटा सेंटर को एक “आवश्यक सेवा” माना जाएगा। इसका अर्थ है कि कमी की स्थिति में उसे पानी और बिजली प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। यह बेहद चिंताजनक है! किसी डेटा सेंटर की आवश्यकताओं को अस्पतालों के बराबर कैसे माना जा सकता है? आम नागरिकों की जरूरतों से ऊपर इसे प्राथमिकता कैसे दी जा सकती है?
  • लोगों को इसके परिणामों के बारे में ईमानदारी से बताए बिना और उनकी सहमति लिए बिना इतना बड़ा राक्षस रूपी प्रकल्प उन पर कैसे थोपा जा सकता है?

अन्य लोगों ने उन विशेष खतरों की ओर भी ध्यान दिलाया जिनका सामना सभी ठाणेकरों को करना पड़ सकता है:

  • ठाणे नगर निगम इस परियोजना को प्रतिदिन 12 एमएलडी (अर्थात 12 मिलियन लीटर प्रतिदिन या 1.2 करोड़ लीटर) पानी उपलब्ध कराएगा। लेकिन ठाणे के अपने नगर निगम बजट के अनुसार, शहर में प्रतिदिन लगभग 30 एमएलडी पानी की कमी है और कई हाउसिंग सोसाइटियाँ पानी के टैंकरों पर निर्भर हैं।
  • हम पहले से ही बार-बार बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं। जब डेटा सेंटर बिजली की खपत शुरू करेगा, तब क्या होगा?
  • यह भी ध्यान देने योग्य है कि डेटा सेंटर को बिजली आपूर्ति के लिए 440 केवी का एक सबस्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। यह सबस्टेशन और उससे जुड़ा नेटवर्क सार्वजनिक धन से बनाया जाएगा! इसका अर्थ है कि हमारे कर का पैसा बड़े कॉरपोरेट्स के लाभ के लिए और हमारे नुकसान की कीमत पर खर्च किया जाएगा।
  • डेटा सेंटर को चौबीसों घंटे पूर्ण बिजली बैकअप की आवश्यकता होती है। इसलिए वहाँ 193 डीज़ल जनरेटर लगाए जाएंगे। इनके सुचारु रूप से काम करने की सुनिश्चितता के लिए इन्हें प्रतिदिन चलाना होगा। इससे उत्पन्न होने वाला शोर अत्यधिक होगा और चिंता तथा अनिद्रा जैसी समस्याएँ पैदा कर सकता है।
  • डेटा सेंटर एक आवासीय क्षेत्र में बनाया जा रहा है: सबसे निकट का आवासीय परिसर परियोजना की सीमा से मात्र 40 मीटर की दूरी पर है। 1 किलोमीटर के दायरे में आठ बड़े आवासीय परिसर, पाँच स्कूल और तीन अस्पताल स्थित हैं।
  • डेटा सेंटरों के कारण हीट आइलैंड प्रभाव उत्पन्न होने के लिए जाना जाता है, जिससे उनके आसपास का तापमान 2°C से 9°C तक बढ़ सकता है। इसका प्रभाव सेंटर से लगभग 5 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले सभी लोगों पर पड़ेगा। इसका मतलब है कि ठाणे के अधिकांश नागरिकों को, साथ ही मुंबई के आसपास के क्षेत्रों में रहने वालों को भी, इसका असर झेलना पड़ेगा।
  • यह दावा कि अमेज़न बड़ी संख्या में रोजगार पैदा करेगा, एक बड़ा झूठ है! परियोजना पूरी होने के बाद अधिकतम केवल 150 नियमित नौकरियाँ ही होंगी!

भारत तेज़ी से इनमनुष्य-भक्षीडेटा सेंटरों का केंद्र बनता जा रहा है और विभिन्न मंत्री इस पर गर्व जता रहे हैंविशाखापत्तनम में बन रहा डेटा सेंटर पहले ही पर्यावरण को व्यापक रूप से नुकसान पहुँचा रहा हैइसके लिए बड़ी संख्या में पेड़ काटे जा चुके हैं और इसके चालू होने के बाद जल स्रोतों का भारी प्रदूषण होगामहाराष्ट्र सरकार खुले दिल से डेटा सेंटरों का स्वागत करना चाहती है और उन्हें मुंबई तथा आसपास के क्षेत्रों में केंद्रित कर रही है, जो दुनिया के सबसे घनी आबादी वाले इलाकों में से हैं

यह प्रदर्शन तीन घंटे से अधिक समय तक चला और लोगों ने संघर्ष को और तेज़ करने का संकल्प लेते हुए सभा समाप्त की।

Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted